जशपुरनगर। ट्रक की ठोकर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। बुधवार को एनएच-43 पर गिरांग मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर कोयला लदे ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक ट्रक के बंपर में बुरी तरह फंस गई और बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान गम्हरिया गांव के रहने वाले संजय राम रौतिया के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, संजय होटल से खाना लेकर अपनी बाइक से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी बीच एनएच-43 पर गिरांग मोड़ के पास उसकी बाइक जशपुर से झारखंड की ओर कोयला लेकर जा रहे ट्रक के पीछे टकरा गई।
हादसे के बाद बाइक ट्रक के पिछले हिस्से के बंपर में बुरी तरह फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक ट्रक के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संजय को गंभीर चोटें लगीं। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रक के अचानक लहराने से संजय घबरा गया और बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान बाइक ट्रक के पीछे जा घुसी। हालांकि, हादसे की असली वजह पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी इक_ा की। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ ट्रक और बाइक की स्थिति की भी जांच कर रही है।
कोयला लदे ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत
बंपर में फंसी बाइक, कुछ दूर तक घिसटती रही



