खरसिया। कैलाश शर्मा। खरसिया की प्रतिष्ठित फर्म हरिराम सुल्तानिया के संस्थापक सीए गिरधारी लाल सुल्तानिया का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। 15 सितंबर 2026 (मंगलवार) की रात्रि लगभग 10:00 बजे हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण उनका देहावसान हुआ। उनका अंतिम संस्कार 16 सितंबर 2026 (बुधवार) की शाम कोलकाता में संपन्न किया गया, जहाँ वे बीते कई दशकों से निवास कर रहे थे। सीए गिरधारी लाल सुल्तानिया एक मृदुभाषी, मिलनसार और धर्मपरायण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने व्यापारिक जगत के साथ-साथ समाजसेवा में भी अविस्मरणीय योगदान दिया।
सामाजिक व धार्मिक योगदान कन्या भवन के लिए भूमि दान
खरसिया शहर में हरिराम सुल्तानिया कन्या भवन के निर्माण हेतु उन्होंने दशकों पूर्व समाज को बहुमूल्य भूमि दान में दी थी। जमीन देने के साथ-साथ कन्या भवन के निर्माण कार्य में भी उनका विशेष आर्थिक और व्यक्तिगत सहयोग रहा। वर्तमान में यह भवन सर्व-समाज के विभिन्न कार्यक्रमों एवं उपयोग में आ रहा है। परोपकारी कार्य वे निरंतर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनहित के कार्यों में बढ़-चढक़र योगदान देते रहे। ?उनके निधन की खबर से खरसिया सहित संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं धार्मिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। वे अपने पीछे एक हंसता-खेलता भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।



