रायपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर एक ठेकेदार से 23 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई है। आरोप है कि ठगों ने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाया। विज्ञापन देखकर पीडि़त ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद आरोपियों ने निवेश के बदले रोजाना हजारों रुपए मुनाफा कमाने का लालच दिया और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई। पीडि़त ठेकेदार का नाम समीर सिंह बताया जा रहा है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना इलाके का है। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, अम्लीडीह के शिवम विहार निवासी समीर सिंह ने शिकायत की है। उसने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों ने उन्हें ट्रेडिंग में 20 हजार रुपए लगाने पर प्रतिदिन 5 हजार रुपए तक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपियों की बातों में आकर समीर सिंह ने उनके बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू किया। करीब 3 महीने तक अलग-अलग किस्तों में कुल 23 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। शुरुआत में आरोपियों ने निवेश और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम जमा कराई। इसके बाद मुनाफे का लालच देकर लगातार और पैसे ट्रांसफर करवाते रहे। जब पीडि़त ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने न्यू राजेन्द्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी में कितने लोग शामिल हैं और रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई।



