रायगढ़। जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़ से सेवानिवृत्त स्वर्गीय बाबूराम मौर्य की धर्मपत्नी कुमारी मौर्य का बुधवार, 09 सितंबर 2026 को प्रात: लगभग 7 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवारजनों, रिश्तेदारों, परिचितों एवं शुभचिंतकों में शोक की लहर व्याप्त हो गई। कुमारी मौर्य, दैनिक किरण दूत के प्रधान संपादक प्रेम नारायण मौर्य की मामी थीं। वर्ष 2017 में उनके पति स्वर्गीय बाबूराम मौर्य के निधन के पश्चात वे प्रेम नारायण मौर्य एवं उनके परिवार के साथ रह रही थीं। लंबे समय तक परिवार के साथ रहते हुए उन्होंने सभी के बीच अपने स्नेह, आत्मीयता और सरल व्यवहार से विशेष स्थान बनाया।
परिवारजनों ने बताया कि कुमारी मौर्य का स्वभाव अत्यंत सरल, सहज, स्नेहमयी एवं आत्मीय था। वे परिवार के प्रत्येक सदस्य के प्रति अपनत्व और ममता का भाव रखती थीं। उनके निधन से परिवार ने अपनी एक ऐसी आत्मीय सदस्य को खो दिया है, जिनकी कमी सदैव महसूस होती रहेगी। उनके साथ बिताए गए स्नेहपूर्ण पल और उनकी स्मृतियां परिजनों के बीच हमेशा जीवित रहेंगी। परिवारजनों एवं शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जीवन की इस अपूरणीय क्षति से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
प्रेम नारायण मौर्य की मामी कुमारी मौर्य के निधन से परिवार में शोक की लहर
सरल, स्नेहमयी एवं आत्मीय व्यक्तित्व की थीं धनी, पंजरी प्लांट मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार



