खरसिया। कैलाश शर्मा। नगर पालिका परिषद खरसिया के प्रांगण में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, अटूट विश्वास, आत्मीयता और रक्षा के संकल्प का पावन पर्व रक्षाबंधन अत्यंत उल्लास, उत्साह एवं गरिमामय माहौल में राखी उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के सभी 18 वार्डों से पहुंची सैकड़ों बहनों ने नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग की कलाई पर रक्षासूत्र और रेशमी राखी बांधकर उनके दीर्घायु, निरोगी व यशश्वी जीवन की कामना की, साथ ही खरसिया के सर्वांगीण विकास एवं प्रगति के नए आयाम स्थापित करने के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।
बहनों का मान-सम्मान और नगर विकास का दृढ़ संकल्प हमारा लक्ष्य – कमल गर्ग
बहनों के असीम स्नेह, वात्सल्य और आशीर्वाद से अभिभूत होकर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा बहनों का रक्षासूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी की पवित्र डोर है। आप सभी बहनों का यह निश्छल स्नेह और आशीर्वाद मुझे सदैव नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, आम जनता की निस्वार्थ सेवा और दीन-दुखियों की सहायता करने की अपार ऊर्जा एवं प्रेरणा देता है। एक भाई के रूप में नगर की हर बहन का मान-सम्मान, सुरक्षा और उनके सपनों को साकार करना मेरा प्रथम कर्तव्य है। खरसिया को एक स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविकसित नगर बनाना ही मेरा परम लक्ष्य है। आप जम्मो दीदी-बहिनी मन ल रक्षाबंधन परब के गाड़ा-गाड़ा बधाई अउ शुभकामना। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अपार खुशहाली लेकर आए।
?कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल ने भी उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी और भवन अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने वाली हितग्राही बहनों को नए आवास के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अवध नारायण बंटी सोनी ने कहा कि जिस तरह बहनों ने नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों को राखी बांधकर अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद भावुक और गौरव का क्षण है। इस गरिमामय समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक, पार्षदगण, एल्डरमैन, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विभिन्न सामाजिक संगठनों और बहनों का गरिमामय समागम
उत्सव में महिला जागरण मंडल, मारवाड़ी महिला मंच, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन महिला विंग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और नगर के प्रत्येक वार्ड की मातृशक्ति की गरिमामय उपस्थिति रही। पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने अपनी बहनों का सम्मानपूर्वक स्वागत करते हुए उन्हें मिष्ठान खिलाया और रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप साडिय़ां व भेंट सामग्री प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया।
68 बहनों के पक्के आशियाने का सपना हुआ साकार
इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 68 लाभार्थी बहनों को भवन अनुज्ञा पत्र बिल्डिंग परमिशन वितरित किए गए। बरसों के लंबे इंतजार के बाद रक्षाबंधन के शुभ दिन अपने पक्के मकान की सौगात पाकर बहनों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। अपनी कच्ची झोपडिय़ों से निकलकर पक्के आशियाने में रहने के सपने को साकार होता देख बहनों ने पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग और प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।



