रायगढ़. श्रावण माह के अंतिम सोमवार को लेकर शिव भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात से ही लोग कांवड के साथ बोलबम के नारे लगाते हुए कोसमनारा के लिए निकल गए थे, जो सोमवार को अल सुबह भोलेनाथ को जलाभिषेक किया तो वहीं सुबह से देर शाम तक यहां भक्त करताबद्ध नजर आए। वहीं पूरे दिन शहर सहित अंचल के शिवालयों में भी ऊं नम: शिवाय के जयकारे गूंजता रहा।
उल्लेखनीय है कि इस साल पवित्र माह श्रावण की शुरूआत 30 जुलाई से शुरू हुआ था जो जो 28 अगस्त को खत्म हो रहा है, जिससे पूरे माह तो शिवालयों में भक्तों की भीड़ लगी थी, लेकिन सोमवार को कुछ अलग ही देखने को मिलता है। ऐसे में आज श्रावण माह का अंतिम व चौथा सोमवार होने के कारण रविवार रात से ही शहर सहित जिलाभर के लोग जलाभिषेक के लिए निकल गए थे, जिससे कोई स्थानीय शिव मंदिर में तो कोई रायगढ़ के कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम में जलाभिषेक किया। जिससे पूरी रात शिव भक्त डीजे की धून पर थिरकते नजर आए। वहीं सोमवार को अल सुबह से ही भक्तों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। इसके साथ ही शहर के प्रसिद्ध गौरीशंकर मंदिर व केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित निकले महादेव मंदिर में भी पूरे दिन भक्तों की कतार लगी रही। इस दौरान शिव भक्तों का कहना था कि वैसे तो पूरी श्रावण माह भोले नाथ का दिन रहता है, लेकिन सोमवार को जलाभिषेक करने से अवश्य ही मनोकामना पूर्ण होती है, इसी कामना को लेकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व युवक-युवतियां कंधे पर कांवड लेकर भोलेनाथ के मंदिर पहुंचे थे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में विशेष व्यवस्था किया गया था, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं कोसमनारा स्थित बाबा धाम में मंदिर के बाहर से ही बेरिकेट्स लगाया था, जिससे शिव भक्त कतारबद्ध होकर भोलेनाथ का दर्शन लाभ लेते हुए जलाभिषेक किया। सोमवार को अल सुबह से ही शिव मंदिरों में पंचाक्षरी मंत्र शुरू हो गया था जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान कोसमनारा स्थित सत्यनारायण धाम में रायगढ़ जिला के अलावा आसपास जिला सहित ओडिशा से भी बड़ी संख्या में भक्त कांवड में जल लेकर पहुंचे थे और मंदिर प्रांगण में प्रवेश करते ही बोल बम के जयकारे लगाते रहे, वहीं भक्तों की भीड़ अधिक होने के कारण यहां देर रात तक लोग दर्शन करते नजर आए। साथ ही गौरीशंकर मंदिर में सुबह से देर शाम तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा।
रात में कांवडियों के लिए थी व्यवस्था
विगत कुछ सालों से कोसमनारा बाबा धाम में बड़ी संख्या में कांवडिय़ों का जत्थ पहुंच रहा है। इससे रविवार रात करीब 12 बजे से यह दल डीजे के धून पर निकला था, जिससे कोतरारोड में करीब 3-4 जगह स्टाल लगाकर कहीं चाय तो कहीं जलेबी, पोहा व पानी की व्यवस्था की गई थी, जिससे शिव भक्त बोल बम के नारे लगाते हुए चाय नास्ता करते हुए बाबा धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया।
जगह-जगह हुआ महाभंडार
श्रावण माह के अंतिम सोमवार होने के कारण शहर शहर में जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया था, जहां शिव भक्तों ने भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। वहीं इस बार कोसमनारा स्थित सत्यनारायण धाम में सोमवार को अल सुबह से ही भंडारा शुरू हुआ था जो अनवरत देर रात तक चलता रहा। बताया जाता है कि यहां रविवार रात से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे, जो पूजा-पाठ के बाद महाभंडारे का आनंद उठाया। इसके अलावा शहर के रामभाठा स्थित शिव मंदिर के पास दोपहर से ही भंडारा शुरू हो गया था, जो देर शाम चला। वहीं शाम करीब 4 बजे से सत्तीगुड़ी चौक स्थित भरतकुप मंदिर के पास भी भंडार लगा था, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।



