रायगढ़। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित पुलिस सेवा पदकों में सराहनीय सेवा के लिए उनका नाम शामिल था। विगत 15 अगस्त को रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय द्वारा उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला कार्यालय मंत्री श्रीमती विनिया कारमोरे ने आज एसपी कार्यालय पहुँचकर एसएसपी शशिमोहन सिंह को राखी बांधकर और गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर श्रीमती कारमोरे ने कहा कि एसएसपी शशिमोहन सिंह की कर्तव्यनिष्ठा, कानून व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान मिलना पूरे रायगढ़ जिले के लिए गर्व की बात है।



