रायपुर। राजधानी के एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोन सेटलमेंट के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। युवक ने बजाज फाइनेंस के कर्मचारियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। हर्षित बिहार कॉलोनी, उरकुरा निवासी अजय कुमार पांडेय ने थाने में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को वह अपने दोस्त मुनीश मिश्रा के लोन से जुड़े मामले में बातचीत करने के लिए स्काई पार्क बिल्डिंग स्थित बजाज फाइनेंस के कार्यालय गए थे। उनके साथ रामलोलारख त्रिपाठी भी थे। शिकायत के मुताबिक, कार्यालय में लोन सेटलमेंट को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान सन्नी, कलेक्शन मैनेजर और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने पैसे वापस करने की बात को लेकर कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। पीडि़त का आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालय से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर हाथ और मुक्कों से मारपीट की गई। इस घटना में अजय कुमार पांडेय के नाक, कान, सिर और गर्दन में चोट आई है। उन्होंने शरीर में दर्द होने की भी शिकायत की है। अजय पांडेय ने बताया कि घटना के दौरान उनके साथ मौजूद मुनीश मिश्रा और रामलोलारख त्रिपाठी ने बीच-बचाव किया। दोनों इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं। पीडि़त ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



