जशपुरनगर। जिले के बगीचा वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले में 70 वर्षीय मार्शल एक्का की मौत हो गई। घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात घुघरी कदमटोली गांव में हुई। बताया जा रहा है कि 16 हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से इलाके में मौजूद है। जानकारी के अनुसार, मार्शल एक्का जंगल के पास अपनी कच्ची झोपड़ी में सो रहे थे। देर रात हाथियों का दल जंगल से निकलकर कदमटोली बस्ती तक पहुंच गया। इसी दौरान हाथियों ने उनकी झोपड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों की हलचल से मार्शल एक्का की नींद खुल गई। उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन हाथियों की चपेट में आ गए। एक हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैर से कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वन विभाग ने प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता के तौर पर 25 हजार रुपए दिए हैं। विभाग ने नियमानुसार मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग के अनुसार, 16 हाथियों का दल अभी महुआडीह के जंगल में मौजूद है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। हाथियों की आवाजाही की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी जा रही है, ताकि वे सतर्क रहें। वन विभाग ने लोगों से जंगल और हाथियों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि हाथियों को देखने के लिए जंगल में न जाएं और सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाने की कोशिश न करें। डीएफओ शशि कुमार ने बताया कि घटना के बाद प्रभावित परिवार को 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी गई है। मुआवजा राशि के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाकी मुआवजा भी नियमानुसार दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके पास जाकर सेल्फी या वीडियो नहीं बनाने की अपील की है।



