रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने व राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से रविवार को पुलिस द्धारा विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में अवैध प्रवासियों की पहचान व सत्यापन के लिए था।
उल्लेखनीय है कि जिले की पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाहरी राज्यों या अन्य देशों के नागरिकों के निवास वाले संभावित स्थानों पर अभियान चलाकर जांच की। इस अभियान का नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने हॉटस्पॉट चिन्हित कर निवासियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज व अन्य जानकारियों का सत्यापन किया। औद्योगिक प्रतिष्ठानों व प्लांटों में कार्यरत अन्य देशों के नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा व वैध दस्तावेजों की जांच के निर्देश भी दिए गए। उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन व वैध दस्तावेजों के किसी भी विदेशी या बाहरी व्यक्ति को नियुक्ति न दी जाए। उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों व नागरिकों से किराएदारों व कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। संदिग्ध विदेशी नागरिक या दस्तावेजों पर संदेह होने पर तत्काल निकटतम थाना, कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905, डायल-112 पर सूचना देने को कहा गया है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। यह विशेष सत्यापन अभियान जिले में सुरक्षित व व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए आगे भी जारी रहेगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लग सके।
नागरिकों से सहयोग की अपील
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अवैध रूप से निवास करने वाले किसी भी विदेशी नागरिक अथवा संदिग्ध व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक नागरिक का सहयोग इस अभियान की सफलता की कुंजी है। यदि आपके आसपास किसी अन्य देश का नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के निवास करता दिखाई दे तो तत्काल निकटतम थाना में सूचना दें।



