रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के बीटेक कोर्स में एडमिशन लेने का यह आखिरी मौका है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी टेक एग्रीकल्चर इंजनियरिंग और बीटेक (फूड टेक्नोलॉजी) में ऑनलाइन यूजी काउंसलिंग-2026 के पहले चरण के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 20 जुलाई, रात 11 बजे तय की है। जो छात्र अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे तय समय के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। अंतिम समय में वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कत की संभावना को देखते हुए विश्वविद्यालय ने छात्रों से पहले ही आवेदन पूरा करने की अपील की है। काउंसिलिंग में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं में फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ्स और इंग्लिश सब्जेक्टस के साथ परीक्षा पास की हो। प्रवेश के लिए पीईटी-2026, जेईई मेन-2026 या 12वीं (मैथ्स ग्रुप) के अंकों के आधार पर आवेदन किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। हालांकि, दूसरे राज्यों के छात्रों को प्रवेश केवल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद बची हुई सीटों पर मिलेगा। इसके लिए अलग से 30 जुलाई को काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की प्रावीण्य (मेरिट) सूची 23 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी होगी। इसके बाद 24 से 30 जुलाई के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार सीट अलॉटमेंट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एडमिशन से जुड़ी काउंसिलिंग शेड्यूल, सीटों का विवरण, जरूरी दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्रों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें।



