रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 08 चांदमारी में निर्माणाधीन सीसी रोड का महापौर जीवर्धन चौहान ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सडक़ निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियरों से ली। निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाया गया।महापौर ने संबंधित इंजीनियर एवं ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि सडक़ का निर्माण पूरी मजबूती और तय मापदंडों के अनुसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्डवासियों से भेंट कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान एम आईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ,अमित शर्मा क्षेत्र के पार्षद ज्योति यादव, भाजपा नेत्री लक्ष्मी वैष्णव,छोटू नगर निगम के संबंधित अधिकारी, इंजीनियर, ठेकेदार एवं वार्डवासी भी उपस्थित रहे।
महापौर चौहान ने किया सीसी रोड निर्माण का निरीक्षण
गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश



