जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास ने शनिवार को विद्यार्थी विज्ञान मंथन स्टेट लेवल कैंप रायपुर में शिरकत किए 07 विद्यार्थियों को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के विद्यार्थी विज्ञान और गणित विषय में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों का आगे आना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से रटकर पढ़ाई करने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को समझने की बात कही । विषयों के अध्ययन में अवधारणात्मक स्पष्टता भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों की प्रयोगशालाएं बहुत अच्छी हैं, उनमें उपलब्ध उपकरणों का भरपूर उपयोग करते हुए आप अध्ययन करें। कलेक्टर श्री व्यास ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान भारती के प्रयासों की भी सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया।
विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ वारा प्रसाद कोला ने कहा कि जशपुर जिले में विगत वर्ष 4000 से अधिक विद्यार्थियों ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन की परीक्षा दी थी। इस वर्ष भी हम सृजन और नवाचार की भावना को प्रेरित करने के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक इसका लाभ पहुंचाना चाहेंगे। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंन्हा, विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक गौरव वर्मा उपस्थित रहे। जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया उनमें सेजेस कुनकुरी से अर्पित शर्मा , सेजेस कोतबा से रोहन साहू, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ढोढीडांड से कु. मोनिका बाई, कु. सोनिका बाई, सेजेस पतराटोली से निशा कुजूर , आयुषी पन्ना रहे हैं। ये सभी विद्यार्थी विगत नवंबर 2025 में जिला स्तर पर आयोजित लेवल 1 और लेवल 2 की परीक्षा में पूरे प्रदेश के टॉप-25 विद्यार्थियों में चयनित हुए थे। कक्षा छठवीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षाएं आयोजित की गई थी। पूरे प्रदेश में दस हजार से अधिक बच्चों ने यह परीक्षा दी थी। जिसमें प्रत्येक कक्षा से 25 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है।
कार्यक्रम में वीवीएम के जशपुर जिला समन्वयक विवेक पाठक, एडीपीओ विनय सिन्हा, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, एबीईओ टुमनू गोसाई, शिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव, श्रीमती जेन सेलेस्टिन तिर्की सहित सभी विद्यार्थियों के अभिभावक सम्मिलित रहे।
कलेक्टर रोहित व्यास ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन स्टेट लेवल कैंप रायपुर में शिरकत किए 7 विद्यार्थियों को किया सम्मानित
विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ वारा प्रसाद कोला भी रहे उपस्थित



