रायगढ़। अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा और जूटमिल थाना क्षेत्र में दो ट्रक और एक माजदा वाहन से 79 टन अवैध स्क्रैप बरामद किया गया। पुलिस ने स्क्रैप सहित तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 48 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि स्क्रैप को किसी औद्योगिक प्लांट में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहली कार्रवाई पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तमनार चौक में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक माजदा वाहन को रोका। चालक देवेंद्र तिवारी (58), निवासी बुधवारी बाजार, कोरबा से पूछताछ की गई। वाहन की तलाशी में करीब 3 टन 390 किलोग्राम टिन और लोहे का स्क्रैप मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 91,530 रुपए है। चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन और कबाड़ जब्त कर मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई जूटमिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा-काशीराम चौक के बीच की गई। सडक़ किनारे खड़े ट्रक की जांच में भारी मात्रा में स्क्रैप मिला। चालक महेन्द्र यादव (34), निवासी पलामू (झारखंड), आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सका। ट्रक में लोड स्क्रैप की कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई। तीसरी कार्रवाई छातामुड़ा गांव के बाहर की गई। यहां एक अन्य ट्रक से करीब 8 लाख रुपए मूल्य का स्क्रैप बरामद हुआ। चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52), निवासी बरगढ़ (ओडिशा), भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वर्जन
अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों के स्क्रैप की खरीद-बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क पर नजर रखे हुए है।
शशि मोहन सिंह,एसएसपी
79 टन अवैध कबाड़ से भरी दो ट्रक व एक माजदा पकड़ाई
48 लाख की संपत्ति सीज, तीन आरोपी गिरफ्तार



