रायपुर। बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय रहते पहचान और इलाज के लिए चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट धडक़न’ के तहत अलग-अलग स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में एक दिन में 690 बच्चों की मुफ्त हृदय जांच (स्क्रीनिंग) की गई। वहीं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाकर 90 बच्चों को आय और निवास प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। जिला प्रशासन और सत्य साई हॉस्पिटल के सहयोग से अभनपुर, धरसींवा, तिल्दा और शहरी क्षेत्रों के स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में जांच की गई। डॉक्टरों ने बच्चों के हृदय संबंधी शुरुआती लक्षणों की जांच की, ताकि गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान कर इलाज शुरू किया जा सके। इससे परिवारों को महंगे इलाज का बोझ उठाने से राहत मिलती है। जिले में प्रोजेक्ट धडक़न के तहत अब तक 1 लाख 49 हजार 920 बच्चों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इनमें हृदय संबंधी समस्या वाले बच्चों का इलाज भी कराया जा रहा है। अब तक 14 बच्चों का मेडिकल मैनेजमेंट और 18 बच्चों का पूरी तरह नि:शुल्क हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है। यह अभियान सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से चलाया जा रहा है। यदि किसी बच्चे में जांच के दौरान हृदय रोग की आशंका मिलती है तो उसे आगे की जांच और मुफ्त उपचार के लिए रेफर किया जाता है।



