रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में झाडिय़ों में महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने की-पैड मोबाइल गिरवी रखने की बात पर गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी थी। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मस्जिदपारा स्थित प्रतीक चौवड़ा की बाड़ी परिसर में झाडिय़ों के बीच प्लास्टिक की बोरी से ढका राजकुमारी चौहान (48) का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि राजकुमारी और उसका पति मोहब्बत पिछले करीब एक साल से प्रतीक चौवड़ा के यहां रहकर देखरेख और मजदूरी का काम करते थे। दोनों शराब के आदी थे और मोहब्बत अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। रविवार रात भी दंपती के बीच विवाद और मारपीट की आवाजें आसपास के लोगों ने सुनी थीं। अगले दिन शाम मोहल्ले के बच्चों ने बाउंड्री के भीतर झाडिय़ों में बोरी से ढका शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। मृतका के बेटे लालजीत चौहान ने शव की पहचान अपनी मां राजकुमारी चौहान के रूप में की। घटना के बाद से आरोपी पति मोहब्बत चौहान फरार था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे धरमजयगढ़ क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में मोहब्बत चौहान ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। जब उसने मोबाइल के बारे में पूछा तो पत्नी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे गुस्से में आकर उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहले भी कर चुका है हत्या
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। इससे पहले भी वह अपने ससुर की हत्या कर चुका है। इस बार उसने मोबाइल को लेकर हुए विवाद में पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



