रायगढ़। 23 वर्षीय युवक की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। युवक का खून से लथपथ शव उसके घर में एक दिन बाद मिला। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के भकुर्रा गांव का है।
पुलिस के मुताबिक भकुर्रा निवासी सोनू चौहान (23) घर में अकेला रहता था। उसकी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उसकी मां अलग रहती है। रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि सोनू का शव उसके घर के अंदर पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि, युवक के सिर पर सिलबट्टे से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई है कि वारदात शनिवार रात को हुई होगी। पुलिस के अनुसार रविवार पूरे दिन युवक के घर का दरवाजा नहीं खुला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ जारी
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना जारी है।



