रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ी गाज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन पर गिरी है, जिन्हें महज दो महीने पहले ही जिले की कमान सौंपी गई थी। सरकार ने उन्हें कलेक्टर पद से हटाते हुए मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी है। उनकी जगह अब तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। महानदी भवन से जारी सामान्य प्रशासन विभाग के इस आदेश में कुल 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में तब्दीली की गई है। हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के सीईओ पद से हटाकर अब संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (एमडी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सुमित अग्रवाल (आईएएस 2021) दुर्ग नगर निगम के कमिश्नर को अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूड़ा) बनाया गया है। वे इस पद से रिमिजियस एक्का (आईएएस2011) को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे। अनुपमा आनंद (आईएएस 2023) सरायपाली (महासमुंद) की एसडीएम को प्रमोट करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत, महासमुंद के पद पर पदस्थ किया गया है।
जीपीएम कलेक्टर संतोष देवांगन हटाए गए
विजय दयाराम को मिली जिम्मेदारी, 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार बदले



