रायगढ़। अज्ञात चोरों ने ग्राम बरपाली के एक सूने मकान में धावा बोलकर सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 90 हजार रुपए की चोरी कर ली है। पीडि़त की शिकायत पर कोतरारोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली निवासी 62 वर्षीय गौरीशंकर पटेल ने शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उसने अपनी पत्नी के साथ बेटे के पास बिलासपुर गया हुआ था। कल सुबह उसका भतीजा मनोज पटेल ने फोन कर सूचना दी कि घर के कमरों के ताले टूटे हुए हैं। इस सूचना के बाद गौरीशंकर पटेल तत्काल अपने घर पहुंचे और देखा कि मकान के बाहर का ताला तो बंद था, लेकिन अंदर के सातों कमरों के ताले टूटे हुए थे। ऐसे में जब उसने अंदर जाकर घर में रखे सामानों की जांच किया तो पता चला कि अज्ञात चोरों ने आलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ किया था। इस दौरान चोरों ने अलमारी के लाकर में रखे 07 जोड़ी चांदी के पायल, 06 नग चांदी के बिछिया, 01 जोड़ी हाथ छल्ला, 01 नग हाफ करधन चांदी का, 03 नग सोने के मंगलसूत्र, 02 नग चांदी के प्लेट और 05 नग चांदी के सिक्का चुराकर फरार हो गए थे। चोरी गए आभूषणों का कुल मूल्य लगभग 90 हजार रुपए बताई जा रही है। गौरीशंकर पटेल की शिकायत पर कोतरारोड पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 331 (4) 305 (ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक इसके संंबंध में कोई सुराग नहीं मिल सका है।
सूने मकान से 90 हजार के जेवरात पार



