रायगढ़। जिले में रविवार सुबह एक ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक बाइक में सवार तीन युवकों को ठोकर मार दिया। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया, वहीं तीसरे की हालत गंभीर होने से मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उक्त घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महालोई निवासी पद्मलोचन राठिया पिता लालसाय राठिया (22 वर्ष), अपने दोस्त मुनावर राठिया पिता उसतलाल राठिया (21 वर्ष) और ज्ञानचंद राठिया पिता बुधुराम राठिया (21 वर्ष) के साथ रविवार को सुबह एक ही बाइक में सवार होकर किसी काम से रायगढ़ की तरफ आ रहे थे। इस दौरान चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के पालीघाट और बंगुरसिया के बीच में पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही ट्रेलर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में लेते हुए सडक़ से उतर गई। जिससे पद्मलोचन राठिया की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मुनावर राठिया और ज्ञानचंद राठिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दिया, इससे पुलिस ने मृतक पदमलोचन के शव को मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा, तथा मुनावर राठिया और ज्ञानचंद को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक जांच में ही डाक्टरों ने मुनावर राठिया को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं ज्ञानचंद को गंभीर चोट होने के कारण डाक्टरेां ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
शाम तक नहीं पहुंचे थे परिजन
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शाम तक मृतकों के परिजन नहीं पहुंच पाए थे, जिसके चलते मुनावर राठिया का शव जिला अस्पताल तथा पद्मलोचन का शव मेडिकल कालेज अस्पताल के मरच्यूरी में रखा गया है। ऐसे में अब सोमवार को परिजनों के आने पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
इस मामले में चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रेलर ड्राइवर फरार हो गया था। ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।



