रायपुर। रायपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पार्षद के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित नगर निगम से जुड़े कई दस्तावेज तैयार कर रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ, जब खुद पार्षद ने शिकायत दर्ज कराई और पुलिस के साथ कार्रवाई में सहयोग किया। आरोपी का नाम विपीन केशरी बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के पार्षद दीपक जायसवाल को जानकारी मिली थी कि उनके आधिकारिक लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया जा रहा है। जांच में सामने आया कि मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर से उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। शिकायत के बाद आजाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में दबिश दी। मौके पर संचालक विपीन केशरी (38) मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त की है, जिनका इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जाता था। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों के लिए ऐसे दस्तावेज बनाए और इस पूरे फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल तो नहीं है। गिरफ्तार आरोपी विपीन केशरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के अश्वनी नगर में रहकर आर्यन च्वॉइस सेंटर संचालित कर रहा था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
फर्जी दस्तावेज बनाने वाला च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार
लेटरहेड-हस्ताक्षर का करता था दुरुपयोग, पार्षद ने दबिश देकर पकड़वाया



