रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी में बाउंड्री वॉल गिरने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई थी, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो हुए। इस मामले में मर्ग जांच में सामने आया कि कंपनी संचालकों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, इससे पुलिस ने संचालक पर अपराध दर्ज किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विगत 18 जून को ग्राम चिराईपानी स्थित ओम श्री रुपेश स्टील कंपनी परिसर में आंधी, तूफान और तेज बारिश के कारण कंपनी के पास बनी बाउंड्री वॉल लेबर क्वार्टर पर गिर गई थी, जिससे मलबे की चपेट में आने से श्रमिक रंभा यादव (30 वर्ष), सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी दब गए थे, इससे तीनों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान पहाड़ लुडेग, थाना लैलूंगा निवासी गर्भवती रंभा यादव की मौत हो गई, जबकि सुनील परमार और रिंकी डेलकी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु किया था, जिसमें यह पाया गया कि ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के संचालक दयानंद अग्रवाल और शंकर लाल अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। यह निर्माण आवश्यक सुरक्षा मानकों के बिना किया गया था। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर पूंजीपथरा पुलिस ने दोनों संचालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं 125(ए) में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। पुलिस प्रकरण के सभी तकनीकी और वैधानिक पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों के जीवन को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई कर रही है।
ओम श्री रुपेश स्टील कंपनी के संचालक दयानंद व शंकर लाल पर जुर्म दर्ज
कंपनी की बाउंड्री गिरने से महिला श्रमिक की हुई थी मौत



