रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 25 जून 1975 को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि इस दिन सत्ता के अहंकार में कांग्रेस ने ‘आपातकाल’ थोप कर देश की संवैधानिक आत्मा को कुचलने का प्रयास किया गया था। संविधान हत्या दिवस पर जारी प्रेस नोट में ओपी चौधरी ने कहा 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के माथे पर कलंक का वह दाग है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने पद और सत्ता को बचाने के लिए संविधान की धारा 352 का दुरुपयोग कर देश पर आपातकाल थोप दिया। रातों-रात लोकतंत्र को बंधक बना लिया गया। यह दिन लोकतंत्र की हत्या का दिन है।
वित्त मंत्री ने कहा कि आपातकाल लगते ही देश में नागरिक अधिकार निलंबित कर दिए गए। चुनाव स्थगित कर दिए गए। प्रेस की आजादी छीन ली गई। विपक्ष को जेल में ठूंस दिया गया। यह केवल सरकार बदलने की कोशिश नहीं थी, यह संविधान की आत्मा की हत्या का प्रयास था। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और राजेंद्र प्रसाद जी ने जो लोकतंत्र हमें सौंपा था, उसे कांग्रेस ने एक परिवार की सत्ता के लिए कैद कर दिया। ओपी चौधरी ने संविधान हत्या दिवस पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले समस्त लोकतंत्र सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मोरारजी देसाई, जॉर्ज फर्नांडिस, नानाजी देशमुख समेत लाखों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने जेल की यातनाएं सही, लेकिन लोकतंत्र की मशाल बुझने नहीं दी।छत्तीसगढ़ और अविभाजित मध्यप्रदेश के भी हजारों सेनानियों ने सत्याग्रह किया, जेल गए। उनके त्याग और बलिदान से ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। यह दूसरी आजादी हमें उन लोकतंत्र सेनानियों ने दिलाई है। ओपी चौधरी ने कहा कि दुर्भाग्य है कि आपातकाल थोपने वाली कांग्रेस की मनोवृत्ति आज भी नहीं बदली है। आज भी असहमति की आवाज को दबाया जाता है। संस्थाओं का दुरुपयोग होता है। ‘बांटो और राज करो’ की नीति चल रही है। इसलिए 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में याद रखना जरूरी है। वित्त मंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे आपातकाल का इतिहास पढ़ें, समझें और प्रण लें कि फिर कभी कोई दल संविधान को बंधक बनाने का दुस्साहस न कर सके। लोकतंत्र हमारे पुरखों की तपस्या से मिला है। इसकी रक्षा करना हम सबका दायित्व है। ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि सबसे मजबूत लोकतंत्र भी है। 370 का अंत कर हमने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का सपना पूरा किया। उसी तरह लोकतंत्र को मजबूत रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
25 जून 1975 के दौरान सत्ता के अहंकार ने की संविधान की हत्या-ओपी चौधरी



