रायगढ़। विगत कुछ दिनों से ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। लेकिन इन घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों से जीआरपी कोसो दूर है। इसके चलते चोर अपने मंसुबों पर खरा उतर रहे हैं। वहीं आजाद हिंद एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक महिला का हैडबैग चोरी हो गया, जिसमें सोने की अंगूठी, मोबाइल और नकदी समेत 33 हजार 200 रुपए था। शिकायत डायरी आने पर रायगढ़ जीआरपी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि विगत लंबे समय बाद फिर से चोरों की नजर ट्रेनों पर इनायत हो गई। जिसको लेकर सफर करने वाले यात्री अब खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। वहीं देखा जाए तो जून माह में ही तीन मामले सामने जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई भी चोर जीआरपी के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। वहीं जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के सतारा जिला निवासी शंकर माईती विगत 11 जून की रात खडग़पुर रेलवे स्टेशन से आजाद हिंद एक्सप्रेस की बी-3 बोगी के सीट नंबर -7 में बैठकर पूणे जा रही थी। इस दौरान भोजन करने के बाद उसने अपना हैंडबैग पैर के पास रखकर सो गई। 12 जून की सुबह करीब 7 बजे जब उनकी नींद खुली, तब ट्रेन रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। इस दौरान उन्होंने देखा कि उनका हैंडबैग गायब था, इससे महिला ने बोगी में बैग की काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। ऐसे में ट्रेन छुटने के डर से महिला ने रायगढ़ में शिकायत नहीं की और जब पुणे स्टेशन पहुंची तो जीआरपी में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, इससे स्थानीय पुलिस ने बिना नंबरी अपराध दर्ज कर ई-मेल के माध्यम से रायगढ़ जीआरपी को डायरी भेजी है। इसके बाद रायगढ़ जीआरपी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में जुट गई है।
ये सामान हुए पार
पीडि़त महिला ने अपनी शिकायत में दर्ज कराई है कि जब उसने गहरी नींद में सोई थी उसी समय अज्ञात चोरों ने नींद का फायदा उठाकर हैंडबैग चोरी कर लिया। चोरी हुए बैग में 10 हजार रुपए कीमत का वीवो मोबाइल, दो ग्राम वजन की करीब 20 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी, 3 हजार रुपए नकद तथा अन्य सामान रखा था। चोरी गए सामान की कुल कीमत 33 हजार 200 रुपए बताई गई है।
चोर मस्त, पुलिस सुस्त
इन दिनों जीआरपी के सुस्त रवैये के चलते चोर और गांजा तस्कर ट्रेनों को ही अपना निशाना बना रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी लगातार चोरी व गांजा तस्करी की शिकायत मिलने के बाद इन आरोपियों तक जीआरपी नहीं पहुंच पा रही है। जिससे चोरों का दिनों-दिन हौसला बुलंद होते जा रहा है। साथ ही अब जीआरपी बल कम होने का हवाला देते हुए कार्रवाई से पल्ला झाड़ते नजर आ रही है।
यात्री ट्रेनों में नहीं थम रहा चोरी की वारदात
आजाद हिंद एक्सप्रेस में महिला यात्री का बैग पार, सोने की अंगूठी, मोबाइल सहित ले गए चोर



