रायगढ़। जिले में मंगलवार सुबह सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बाइक समेत करीब 20 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिर गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक बाइक से रायगढ़ से घरघोड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चिराईपानी पहाड़ के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुल पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नीचे जा गिरा। हादसे में युवक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी। चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में मृतक की पहचान जयप्रकाश (35) निवासी ग्राम पाकुट, थाना लैलूंगा के रूप में हुई है।
लंबे समय से खराब है पुल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। पुल के पास तीखा मोड़ होने के कारण यहां दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
बड़ी दुर्घटना की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, पुल संकरा होने और मोड़ पर स्थित होने के कारण दोनों ओर से भारी वाहन आने पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने पुल की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
20 फीट ऊंचे पुल से गिरे बाइक सवार की मौत
रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर चिरईपाली में हुआ हादसा



