रायगढ़। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर आज हाई स्कूल सामारुमा में शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में प्राइमरी, मिडिल एवं हाई स्कूल सामारुमा की स्कूल प्रबंधन एवं विकास समितियों की अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला यादव, प्रेमदास वैष्णव एवं गुलामन चौहान सहित प्रदीप सोनी एवं श्रीमती सुरुचि साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का रोली-चंदन का तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं यूनिफॉर्म का वितरण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
10वीं का परिणाम रहा शत-प्रतिशत, प्राचार्य ने बताई स्कूल की उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान हाई स्कूल सामारुमा के प्राचार्य नरेंद्र कुमार चौधरी ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचारों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। प्राचार्य ने अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों की कम उपस्थिति की समस्या भी रखी तथा सभी से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है जब विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षण गतिविधियों में भाग लें। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को साइकिल वितरण रहा। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही शासन के निर्देशानुसार विद्यालय की फीस एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राइमरी, मिडिल एवं हाई स्कूल शामारुमा के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया सामारूमा में शाला प्रवेश उत्सव
तिलक-आरती के साथ स्कूल में हुआ विद्यार्थियों का स्वागत, यूनिफार्म एवं किताबों का किया गया वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली साइकिलें



