रायगढ़। जिले में गुरुवार की सुबह डोरी बिनने जंगल गए ग्रामीण पर एक दंतैल हाथी ने हमला कर दिया, जिससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इस संबंध में मिली अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज के अंतर्गत ग्राम डोंगाभौंना निवासी बलदेव राठिया 45 साल, रोजना की तरह गुरुवार को भी ग्रामीणों के साथ डोरी बिनने राजा कूप जंगल गया था। जहां डोरी और आम बिनने के बाद ग्रामीण ने जंगल के पास स्थित तालाब किनारे बैठकर दातून कर रहा था। इसी दौरान पीछे से एक दंतैल हाथी आ गया। इससे उसके साथियों ने देखा तो उसे भागने के लिए आवाज लगाया, लेकिन बलदेव को सुनाई कम देने के कारण वह आवाज सुन नहीं पाया, तब तक हाथी उसके करीब पहुंच गया और उसे उठा कर पटक दिया। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हो हल्ला करके किसी तरह हाथी को वहां से भगाया। हालांकि इस घटना में ग्रामीण को अंदरूनी चोट आई है। इससे बलदेव के साथियों ने इसकी जानकारी गांव में दी, जिसकी सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल टीम के अलावा वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीण को छाल अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने रायगढ़ रेफर कर दिया, जहां उपचार जारी है। वहीं वन विभाग की टीम ने घायल के परिजनों को तातकालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई है।
ग्रामीणों को कर रहे सर्तक
उल्लेखनीय है कि इन दिनों धरमजयगढ़ वन मंडल के लगभग हर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। जिससे हाथी मित्र दल की टीम ने हाथियों पर नजर बनाई हुई है, साथ ही आसपास के गांव में मुनादी करते हुए ग्रामीणों को सतर्क कर रहे हैं कि जंगल की तरफ न जाए।



