रायगढ़. एक महिला अपने रिश्तेदार को उधार में पैसा दी थी, जिसकी मांग करने पर दो सगे भाईयों ने महिला की पीटाई कर दी। घटना की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बैहामुड़ा निवासी धनेश्वरी साहू पति स्व. घनश्याम साहू (42 वर्ष) ने 8 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह छाल रोड स्थित अपने घर से लगे ढाबा का संचालन करती हैं। करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने परिवार के परिचित जितेन्द्र साहू को 5,000 रुपये उधार दी थी। जिसके द्वारा पैसे वापस मांगने पर जितेन्द्र साहू टालमटोल करता रहा। ऐसे में 8 जून की शाम करीब 4 बजे जितेन्द्र साहू एवं राजेन्द्र साहू अचानक महिला के ढाबा-नुमा घर के भीतर घुस आए और ‘कितना पैसा दिए हो रे’ कहते हुए गाली-गलौच करने लगे। जिसका विरोध करने पर दोनों भाईयों ने महिला के साथ मारपीट की और धमकी भी दी। महिला की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 333, 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। साथ ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी जितेन्द्र साहू पिता मधुसूदन साहू, 21 वर्ष तथा राजेन्द्र साहू पिता मधुसूदन साहू, 19 वर्ष, दोनों निवासी बैहामुड़ा, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिलाओं के साथ हिंसा, अभद्रता और मारपीट जैसी घटनाओं में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उधारी पैसा मांगने पर महिला से मारपीट, आरोपी दो भाई गिरफ्तार



