रायगढ़। खरसिया पुलिस ने तुर्रीभाठा चौक में युवकों से मारपीट एवं धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
प्रार्थी हरिषंकर निषाद पिता ओम प्रकाश निषाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ठाकुरदिया वार्ड क्रमांक-18 द्वारा आज 6 जून को चौकी खरसिया में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 05 जून 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे वह अपने मित्र अमन सर्पे के घर तुर्रीभाठा में भोजन करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तुर्रीभाठा चौक के पास दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की तथा पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का एवं लात से मारपीट की। घटना में प्रार्थी की बाईं आंख एवं छाती में चोटें आईं।
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी खरसिया में धारा 296, 351(3), 115(2), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। त्वरित दबिश देकर आरोपी विशाल सिदार उर्फ गोपालू एवं सचिन उरांव उर्फ मुण्डा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपीगणों को आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर रास्ता रोककर किये मारपीट



