सारंगढ़। सुशासन तिहार के अंतर्गत बिलाईगढ़ जनपद क्षेत्र के अंतिम ग्राम पंचायत मडक़ड़ी में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा पूजा- अर्चना के साथ किया गया। शिविर में मडक़ड़ी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां जिला के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजना की जानकारी दी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जन प्रतिनिधियों ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में कुल 1627 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। प्राप्त आवेदनों में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण व अन्य जन कल्याण कारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे।
शिविर कोसंबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई ने कहा कि मडक़ड़ी में आयोजित यह समाधान शिविर अत्यंत सफल रहा है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि – जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है तथा शेष आवेदनों पर नियम अनुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। यह बिलाईगढ़ जनपद क्षेत्र का अंतिम समाधान शिविर है तथा जिले में अब तक सुशासन तिहार के अंतर्गत लगभग 22 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 19 हजार से अधिक आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया जा चुका है व सभी आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े,जिला व जनपद पंचायत के सदस्य, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम प्रफुल रजक, जपं सीईओ प्रतीक प्रधान, तहसीलदार कमलेश सिदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। पूरे शिविर के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला व लोगों ने शासन की जनहितकारी पहल की सराहना हुई।
शिविर के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिपं सीईओ इंद्र जीत बर्मन तथा जनप्रतिनिधियों ने स्कूल परिसर में फलदार, छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को कीटनाशक दवा एवं बीज प्रदान किए गए। राजस्व विभाग ने किसान किताब के लिए प्राप्त 5 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर किसानों को किसान किताब वितरित की। शिक्षा विभाग द्वारा 5 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं गणवेश प्रदान किए गए। खाद्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 3 महिला हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरित, समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत ग्राम कैथा निवासी दिव्यांग सम्मेलाल केवट ने ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए शिविर स्थल पर ही उन्हें ट्राइ साइकिल उपलब्ध कराई गई।कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अपने हाथों से सम्मेलाल केवट को ट्राइसाइकिल वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सुशासन तिहार मडक़ड़ी समाधान शिविर में भारी भीड़



