रायगढ़। जिले में आईपीएल के फाइनल मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। खरसिया के गंज बाजार इलाके में दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 31 लाख 99 हजार 700 रुपए कैश, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल जब्त किए गए हैं। जबकि तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया थाने के गंज बाजार इलाके में आईपीएल फाइनल मैच की हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक साथ दबिश दी।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल (28) और शुभम अग्रवाल (30) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि कई स्थानीय लोग नकद राशि लगाकर सट्टेबाजी कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट चलाने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ कमाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया। जांच में मोबाइल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के घर पहुंची। पुलिस को देखकर साहिल अग्रवाल दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोडक़र फरार हो गया।साहिल अग्रवाल के पिता मुकेश अग्रवाल और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली गई। जांच में 500, 200, 100 और 50 रुपए के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपए नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। शुरुआती जांच में संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना सामने आया है। पुलिस ने गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा-7 तथा क्चहृस् की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
क्या कहते हैं एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। खरसिया में कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और सट्टेबाजी से जुड़े उपकरण जब्त किए गए हैं।
आईपीएल फाइनल पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पकड़ाया
31.99 लाख कैश और नोट गिनने की मशीन जब्त, 2 गिरफ्तार, 3 फरार



