रायगढ़। जिले में भारतमाला सडक़ पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 5 बैलों की मौत हो गई, जबकि 2 बैल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना रैरूमा चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात रैरूमा चौकी क्षेत्र के भारतमाला मार्ग पर काजू बाड़ी के पास कई मवेशी सडक़ किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 7 मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 5 बैलों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 2 बैल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायल मवेशियों के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हालांकि तब तक ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। घटना से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृत मवेशियों का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई, जबकि घायल बैलों का उपचार कराया जा रहा है। धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि घटना शनिवार रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। हादसे में 5 बैलों की मौत हुई है। घटना में शामिल ट्रक का नंबर पुलिस को मिल गया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



