रायपुर। शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपए की ठगी की गई है। ठगों ने निको कंपनी में काम करने वाले सुपरवाइजर को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया।जब पीडि़त ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने फोन बंद कर दिया। मामले में धरसींवा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त का नाम राजेंद्र पांडेय है। धरसींवा पुलिस के मुताबिक पीडि़त राजेंद्र पांडेय निको कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 26 फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते हुए कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का दावा किया। आरोपी ने कहा कि उसकी कंपनी निवेशकों को शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के जरिए बड़ा रिटर्न दिलाती है। शुरुआत में आरोपी ने राजेंद्र को छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में करीब 12 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। ठग लगातार बड़े प्रॉफिट का लालच देते रहे और निवेश की रकम बढ़ाने का दबाव बनाते रहे।
पीडि़त ने जब अपने पैसे वापस निकालने की बात कही, तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद उनके मोबाइल नंबर बंद आने लगे और सभी संपर्क टूट गए। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर राजेंद्र पांडेय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या फोन कॉल के जरिए मिलने वाले निवेश ऑफर पर आंख बंद कर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
शेयर मार्केट में मुनाफा दिलाने के नाम पर ठगी
निको कंपनी के सुपरवाइजर से ठगे 12 लाख



