जशपुरनगर। पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई चौकी सोन क्यारी क्षेत्र में की गई।
पुलिस के मुताबिक, 27 मई को चौकी सोन क्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झरगांव छाता टांगर के जंगली रास्ते से एक व्यक्ति 6 गौवंशों को पैदल हांकते हुए ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को गौवंशों को मारते-पीटते हुए ले जाते देखा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज भगत (35) निवासी ग्राम बछरांव, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर बताया। पुलिस ने आरोपी से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी 6 गौवंश बरामद कर लिए। चौकी सोन क्यारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गौवंश थाना सन्ना क्षेत्र के एक गांव के दो संदिग्ध व्यक्तियों के हैं और उन्हीं के कहने पर वह उन्हें लेकर जा रहा था। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि चौकी सोन क्यारी क्षेत्र से 6 गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया गया है और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 6 गौवंश तस्करों से मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 6 गौवंश तस्करों से मुक्त, आरोपी गिरफ्तार



