रायगढ़। जिले में एक 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में लाश मिली है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस ने 2 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को भरभौना जंगल में ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान भरभौना निवासी शिव राठिया (17) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में युवक के शरीर पर अंदरूनी चोटों के निशान मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद के बाद हत्या का माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस डॉग ‘रूबी’ को घटनास्थल से मिले सबूत सूंघाए गए। जांच के दौरान डॉग दो युवकों के पास जाकर रुका, जिसके बाद पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में सीताराम धु्रव ने बताया कि संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति साफ होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जंगल में मिली 17 वर्षीय युवक की लाश
शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका, दो संदेही हिरासत में



