रायगढ़। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विगत दिनों रायगढ़ प्रवास के दौरान अपने खेत में लीची की खेती को लेकर एक प्रेरक अनुभव साझा करते हुए बताया कि रायगढ़ के छाल क्षेत्र स्थित कर्रा ग्राम के प्रगतिशील किसान कुंजलाल उनके ‘लीची गुरु’ हैं। श्री चौधरी ने कहा, कुंजलाल ने कर्रा में बेहतरीन तरीके से लीची की खेती कर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों के लिए मिसाल कायम की है। मैं स्वयं भी लीची उत्पादन की बारीकियां और तकनीक उन्हीं से सीखता हूं। कुंजलाल मंत्री श्री चौधरी के खेत पहुंचे और प्रेमपूर्वक अपनी बगिया की ताजी लीची भेंट की। इस आत्मीय भेंट से अभिभूत श्री चौधरी ने कहा कि ऐसे मेहनती और नवाचारी किसान ही छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में नई ऊंचाई देंगे।



