रायगढ़। बुधवार की सबह एक तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई, इससे एक की मौक पर ही मौत हो गई तो वहीं कार में सवार चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए खरसिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर खरसिया पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अड़भार के ग्राम कर्रापाली निवासी कन्हैया लाल बंजारे (50) अपने परिवार के साथ कार में किसी काम से अंबिकापुर गए थे। कार में ललिता बंजारे (45), अंजली बंजारे (22), भास्कर बंजारे (12) और बसंत गबेल (45) भी सवार थे। जो रात में वहां से सभी लोग कार में सवार होकर अपने गांव आने के लिए निकले थे। ऐसे में बुधवार तीन बजे भोर में जब ये खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम देहजरी के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई। जिससे कन्हैया लाल बंजारे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, साथ ही मृतक का पंचनामा तैयार कर शव को खरसिया अस्पताल भेजा गया, जहां मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनेां को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि घायलों के हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है, वहीं भास्कर बंजारे आईससीयू में भर्ती किया गया था, इससे दो गंभीर लोगों को रायगढ़ रेफर किया गया है, जहां उपचार जारी है। वहीं खरसिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 1 की मौत, 4 घायल
अंबिकापुर से लौटते समय हुआ हादसा



