नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद देश की सियासत में बड़ा संदेश गया है। खासकर बंगाल में जीत को पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में गिना जा रहा है। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे माहौल में पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के साथ की और कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ चुनावी जीत का नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘जब साधना सिद्धि में बदलती है, तो जो खुशी होती है, वही आज हर कार्यकर्ता के चेहरे पर दिखाई दे रही है।’
नितिन नवीन के नेतृत्व की तारीफ
पीएम मोदी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह उनका पहला बड़ा चुनाव था और उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिस तरह मार्गदर्शन दिया, वह इस जीत में बेहद अहम साबित हुआ।
‘भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी’- जनता का आभार
प्रधानमंत्री ने देशभर में हुए उपचुनावों का जिक्र करते हुए महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में मिली जीत के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत ने एक बार फिर दुनिया को दिखाया है कि वह ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ है, जहां लोकतंत्र सिर्फ व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कार है। मोदी ने पश्चिम बंगाल में 93प्रतिशत मतदान को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी रिकॉर्ड मतदान का उल्लेख किया। खास तौर पर महिलाओं की बड़ी भागीदारी को उन्होंने लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बताया। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण का सबसे चर्चित बयान देते हुए कहा कि ‘आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है।’ उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में एनडीए सरकार बनने को मां गंगा का आशीर्वाद बताया।
मां गंगा और असम की जनता का आशीर्वाद
मोदी ने 2013 में काशी से अपना नामांकन भरने का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि आज भी वही आशीर्वाद बना हुआ है। साथ ही असम की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि वहां तीसरी बार एनडीए पर भरोसा जताया गया है और अब राज्य विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।
‘नागरिक देवो भव’ और गुड गवर्नेंस पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी का मूल मंत्र ‘नागरिक देवो भव’ है और पार्टी जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और गुजरात के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि जनता लगातार बीजेपी के सुशासन पर भरोसा जता रही है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया
मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज उनकी आत्मा को शांति मिली होगी। उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने बंगाल को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने के लिए संघर्ष किया था और आज की जीत उसी विचारधारा की जीत है।
वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में जीत का महत्व
प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में मिली यह जीत ऐतिहासिक है और यह बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब एक नया अध्याय शुरू हो रहा है, जहां भयमुक्त और विकासयुक्त शासन होगा।
पहली कैबिनेट में आयुष्मान योजना
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता होगी।
भयमुक्त बंगाल का संकल्प, टैगोर का जिक्र
गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर को याद करते हुए मोदी ने कहा कि उनका सपना ‘जहां मन भयमुक्त हो’ अब साकार किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि बीजेपी बंगाल में भयमुक्त वातावरण बनाकर दिखाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के अंत में बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब डर नहीं, बल्कि लोकतंत्र जीता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि अब ‘बदला नहीं, बदलाव’ की राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीते दशक में राजनीतिक हिंसा ने कई जिंदगियां बर्बाद की हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि इस चक्र को खत्म किया जाए। मोदी ने कहा, ‘भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यह न देखें कि किसने किसे वोट दिया, बल्कि सभी मिलकर बंगाल के विकास के लिए काम करें।
अंग, बंग और कलिंग-भारत के ऐतिहासिक स्तंभ
प्रधानमंत्री ने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश समृद्ध था, तब ‘अंग, बंग और कलिंग’ उसके मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने बताया कि अंग यानी आज का बिहार शिक्षा और ज्ञान का केंद्र था, जहां नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालय थे। बंगाल को उन्होंने भारत की सांस्कृतिक आत्मा की आवाज बताया, जबकि कलिंग (आज का ओडिशा) समुद्री व्यापार का वैश्विक केंद्र हुआ करता था।
नारी शक्ति पर जोर, विपक्ष पर निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति को भारत के विकास का अहम स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने नारी शक्ति की प्रगति को रोकने की कोशिश की। मोदी ने कहा कि ‘मैंने पहले ही कहा था कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा।’ उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुन्नेत्र कडग़म पर निशाना साधते हुए कहा कि बहनों-बेटियों ने उन्हें सजा दी है। उन्होंने केरल में लेफ्ट और कांग्रेस पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की महिलाएं अगली बार उन्हें भी सबक सिखाएंगी। वहीं समाजवाजी पार्टी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाओं का आक्रोश उन्हें झेलना पड़ेगा और महिला विरोधी सोच को जनता माफ नहीं करेगी।
बाक्स
फोटो सीएम
जनता ने भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारा-सीएम
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश जागरूक, राष्ट्रनिष्ठ और विकासोन्मुख जनता की परिपक्व सोच का परिणाम है, जिसने सुशासन, स्थिरता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को असम और पुडुचेरी में पुन: जनादेश प्राप्त होना तथा पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक सफलता, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित सुशासन और ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने इसे तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति पर विकास और राष्ट्रवाद की निर्णायक विजय बताया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह विजय वहां के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, त्याग और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय लोकतंत्र, जनविश्वास और राष्ट्र की एकता की जीत है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस सफलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक नेतृत्व क्षमता तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बंगाल और असम में योगदान दिया, जिनके परिश्रम से यह उपलब्धि संभव हुई।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम विपक्षी दलों के लिए आत्ममंथन का अवसर है। देश की जनता अब झूठ, दुष्प्रचार और भय की राजनीति को अस्वीकार कर चुकी है और विकास, पारदर्शिता एवं सुशासन को ही अपना समर्थन दे रही है। मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह जनादेश देश को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
बाकस
फोटो सीएम-१
झालमुड़ी के संग गूंजा विजय का उत्सव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश की गूंज छत्तीसगढ़ में भी सुनाई दी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ राजनांदगांव जिले के मोतीपुर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव सहित भाजपा परिवार के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उल्लास के साथ विजय का उत्सव मनाया। इस उत्सव को खास बनाने के लिए बंगाल की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक व्यंजन झालमुड़ी का स्वाद भी शामिल किया गया। मूंगफली, मुडि़, सरसों तेल और मसालों से तैयार यह चटपटा स्वाद न केवल बंगाल की संस्कृति की झलक दे रहा था, बल्कि जीत की खुशी को और अधिक जीवंत बना रहा था।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार अपने मताधिकार के माध्यम से एक स्पष्ट संदेश दिया है – विकास और सुशासन ही प्राथमिकता है। यह जनादेश तुष्टिकरण, भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए एक नए विश्वास, नई दिशा और मजबूत राष्ट्रनिर्माण की भावना को दर्शाता है। साथ ही यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे ‘विकसित भारत’ के संकल्प में जनता की भागीदारी और भरोसे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह जीत उस सोच की है जो देश को आगे बढ़ाने, जोडऩे और सशक्त बनाने में विश्वास रखती है।
ओपी
रायगढ़। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रदेश के वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओ.पी. चौधरी ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास के सामने झालमुड़ी खाकर जीत का जश्न मनाया। उन्होंने आम जनता और कार्यकर्ताओं को भी झालमुड़ी खिलाई और जीत की बधाई दी। झालमुड़ी के साथ जीत का स्वाद’ चखते हुए वित्त मंत्री ओपी. चौधरी ने कहा, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को देशभर में जनता-जनार्दन का अपार समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। असम और पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक जीत उसी का परिणाम है। आज झालमुड़ी के साथ जीत का स्वाद और भी बढ़ गया है। सुशासन और विकास पर मुहर की बात कहते हुए श्री चौधरी ने कहा, यह जीत जनता की जीत, सुशासन की जीत और विकास की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को नकार कर विकास को चुना है। जनता ने बता दिया कि मोदी जी के साथ पूरा देश खड़ा है। निवास के सामने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, आम नागरिक और मीडिया के साथी मौजूद रहे। वित्त मंत्री ने सभी को झालमुड़ी खिलाकर जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय’ और मोदी-ओपी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। उल्लेखनीय है कि आज रायगढ़ में सोनी झालमूरी वाले ने भी भाजपा की जीत पर मुफ्त झालमूरी बांटी है।
ओपी-१
पश्चिम बंगाल,असम में ‘सुशासन और विकास की जीत है’- वित्तमंत्री ओपी चौधरी
रायगढ़। रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी. चौधरी ने पश्चिम बंगाल एवं असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड एवं ऐतिहासिक जीत पर समस्त प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं असम की देवतुल्य जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा यह जनता,सुशासन एवं विकास की जीत है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पश्चिम बंगाल असम में भाजपा की यह ऐतिहासिक विजय पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। यह ऐतिहासिक विजय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मजबूत संगठनात्मक नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल दिशा निर्देश में संभव हुई है। पश्चिम बंगाल असम के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, संगठन पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी, अथक परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास का यह परिणाम है। श्री चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल एवं असम की जनता ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर फिर मुहर लगाई है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने पश्चिम बंगाल असम में शांति, विकास और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊंचाई दी है। घुसपैठ, उग्रवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को जनता ने भरपूर समर्थन दिया है। यह जनादेश बताता है कि देश की जनता परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को नकार कर राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन को जनादेश दे रही है। पश्चिम बंगाल,असम की यह जीत 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए भी स्पष्ट संकेत है। श्री चौधरी ने कहा भाजपा की सरकारें पश्चिम बंगाल एवं असम को विकास के नए शिखर पर ले जाएगी।
००००००००००
फोटो ५५५
ममता भवानीपुर में 15 हजार वोटों से हारीं
शुभेंदु ने लगातार दूसरी बार हराया
कोलकाता। बंगाल की 294 सीटों में से भाजपा ने 192 सीटें जीत ली हैं और 15 पर आगे है। टीएमसी ने 67 सीटें अपने नाम कीं और 13 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर जीत मिली है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी। भवानीपुर से शुभेंदु ने ममता को 15,113 वोटों से हराया। भवानीपुर सीट पर 20 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है. शुभेंदु अधिकारी को 73463, ममता बनर्जी को 58350 वोट मिले. शुभेंदु ने ममता को 15113 वोटों से हरा दिया. शुभेंदु के खिलाफ यह उनकी लगातार दूसरी हार है। 2021 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु नंदीग्राम से ममता के खिलाफ जीते थे। ममता हार से पहले ही काउंटिंग सेंटर से निकल गईं। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम व भवानीपुर से मैदान में उतरे थे और दोनों ही सीटों पर उन्होंने फतह हासिल की है। इस तरह शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल से भाजपा के बड़े नेता माने जा रहे हैं।



