रायगढ़। दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से ‘समेकित शिक्षा कार्यक्रम’ की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का संचालन नवज्योत एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है, जिसे साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), बिलासपुर मुख्यालय के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम का उद्देश्य 6 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग बच्चों को समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भी समाज में आत्मनिर्भर बन सकें। इसके तहत विशेष शिक्षण पद्धतियों, सहायक उपकरणों, प्रशिक्षित शिक्षकों तथा बच्चों की सहायता के लिए अटेंडेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा के साथ-साथ भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। साथ ही, बच्चों को उनके घर से केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए वाहन सुविधा (ट्रांसपोर्ट) भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मकसद न केवल शिक्षा प्रदान करना है, बल्कि समाज में दिव्यांग बच्चों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रायगढ़ के गिरिजा पैलेस, सोनिया नगर, अग्रसेन कॉलोनी में संचालित होने वाला यह कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले समय में अधिक से अधिक बच्चों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रवेश एवं संपर्क जानकारी
इस कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क है। 6 वर्ष या उससे अधिक आयु के दिव्यांग बच्चों के अभिभावक अपने बच्चों का पंजीयन कराने हेतु गिरिजा पैलेस, सोनिया नगर, अग्रसेन कॉलोनी, रायगढ़ स्थित केंद्र में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभिभावक 9274825257 या 9343349375 पर संपर्क कर सकते हैं। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने दिव्यांग बच्चों को इस समावेशी शिक्षा पहल से जोडक़र उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं।



