रायगढ़। खड़ी एक पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन तेज गर्मी को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक पुसौर क्षेत्र के ग्राम बड़े हरदी निवासी पुष्पक सोनवानी (रिकवरी एजेंट, श्रीराम फाइनेंस) मंगलवार सुबह अपनी पल्सर 150 बाइक से खरसिया गया था। दोपहर करीब 3 बजे रायगढ़ लौटकर उसने बाइक को ढिमरापुर रोड स्थित अपने ऑफिस के बाहर खड़ा किया और अंदर चला गया। इसी दौरान कुछ ही मिनटों में बाइक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने उसे पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। बाइक में लगी आग को देखकर राहगीर रुक गए, जिससे सडक़ के दोनों ओर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर भीषण गर्मी को इसकी वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खड़ी बाइक में लगी आग, कुछ ही मिनटों में जलकर खाक



