रायगढ़। आपरेशन शंखनाद के तहत कोतरारोड पुलिस ने गौवंश तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो वाहन से 06 गौवंश को मुक्त कराया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सिल्वर रंग की स्कार्पियो वाहन में मवेशियों को भरकर ग्राम सरवानी से रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ ग्राम बैसपाली चौक में घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक सिल्वर रंग की स्कार्पियो वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें अंदर बेरहमीपूर्वक 06 नग गौवंश भरे हुए पाए गए। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मकसूद खान पिता आसिर खान उम्र 27 वर्ष निवासी साईटागर टोली थाना लोदाम जिला जशपुर (छ.ग.) बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाहन मालिक जांहगीर शाह के कहने पर ग्राम सरवानी से मवेशी लेकर जा रहा था, जहां ललित नामक व्यक्ति से 06 गौवंश वाहन में लोड किए गए थे। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से गौवंश तस्करी में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन, 06 नग गौवंश, जिसकी अनुमानित कीमत 18,000 रुपये है, को जप्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया। आरोपी मकसूद खान के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 4, 6 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जप्त मवेशियों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया है, मवेशी स्वस्थ है, उनके चारा पानी की व्यवस्था की गई है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी जांहगीर शाह एवं ललित की गिरफ्तारी शेष है, जिनकी पतासाजी की जा रही है।
स्कार्पियो से हो रही थी गौवंश की तस्करी, 6 गौवंश मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार



