रायपुर। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग किसान का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 2.78 लाख रुपए पार कर दिए। जब फोन पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आया, तब ठगी का पता चला। मामला टिकरापारा थाना इलाके का है। दरअसल, टिकरापारा निवासी किसान चोला राम मरकाम (74) ने बताया कि, उनका खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, शाखा रानीतराई (दुर्ग) में है। 20 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर 1000 रुपए कटने का मैसेज आया। शक होने पर जब उन्होंने 23 मार्च को बैंक जाकर पासबुक एंट्री कराई, तो उनके होश उड़ गए। बैंक स्टेटमेंट से खुलासा हुआ कि ठगों ने 19 मार्च से 22 मार्च तक उनके अकाउंट से 2.78 लाख रुपए निकाल लिए। आरोपियों ने यह पेसे 12 किश्तों में निकाले हैं।
ठगी का शिकार होने के बाद बुजुर्ग ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच और शिकायत आईडी (3330**********) से यह पता चला है कि 12 में से एक किस्त का पैसा एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एक संदिग्ध खाता नंबर पर ट्रांसफर किया गया है। बाकी की रकम किन खातों में गई है, इसकी जांच पुलिस और साइबर सेल कर रही है।
टिकरापारा पुलिस के अनुसार पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोबाइल हैक कर किसान से 2.78 लाख की ठगी
12 किश्तों में कटे पैसे, एयरटेल पेमेंट्स बैंक से जुड़ा तार



