रायगढ़. शहर में चल रहे विकास कार्यों एवं पीएम आवास निर्माण के निरीक्षण में आयुक्त अपने दल बल के साथ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से बात कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और समय पर आवास पूर्ण करने के लिए कहा। साथ ही जिनका आवास स्वीकृत हो चुका है और धीमी गति से निर्माण चल रहा है या बंद हो गया है उन्हें निर्देश देते हुए कहा कि सभी हितग्राही शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण करें, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सुबह नगर निगम अयुक्त बृजेश कुमार क्षत्रिय शहर में चल रहे पीएम अवास के निरीक्षण में निकले थे। इस दौरान उन्होंने हितग्राही रविशंकर चौहान, दुर्जन सिंह चौहान, सुशीला भारती, संध्या भारद्वाज, जगदीश पांडे, विष्णु शर्मा एवं निर्मला बंजारे से मुलाकात कर बन रहे पीएम आवास का जायजा लिया। जिसमें कई निर्माण कार्य बंद मिले। इससे आयुक्त ने हितग्राहियों को समझाइश देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है। इससे बचने के लिए जिसका भी निर्माण कार्य बंद है, जल्द से जल्द पूर्ण करें, ताकि इसका लाभ मिल सके। इसके बाद आयुक्त ने शहर के ढिमरापुर चौक, कार्मेल स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे नाली निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया, और मौके पर उपस्थित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सडक़ पर पसरे रेती-गिट्टी को भी संरक्षित करने को कहा, ताकि इसके चलते कोई हादसा न हो सके।
वर्षा ऋतु से पहले कार्य हो पूर्ण
वहीं बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने विशेष रूप से शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें ताकि वर्षा ऋतु में किसी भी प्रकार की जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का सतत मानिटरिंग कि जाए। इस दौरान अगर कोई ठेकेदार लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने पीएम आवास व नाली निर्माण का लिया जायजा
निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश



