रायगढ़। एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताडऩा और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। आवेदन के अनुसार, घुघवा निवासी हुकुमदास वैष्णव ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे उनका बेटे किशोर दास (27) नदी जाने के नाम पर घर से निकला था। कुछ घंटों बाद सुबह करीब 8 बजे उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजनों के मुताबिक, 9 अप्रैल 2025 को किशोर दास की शादी सरिया क्षेत्र के ग्राम पिरहा निवासी विलासिनी वैष्णव के साथ हुई थी। शादी के 4 महीने बाद उसकी पत्नी गर्भवती हो गई थी। बताया गया कि पत्नी रायगढ़ शहर में रहना चाहती थी, जबकि किशोर दास परिवार के साथ गांव में रहकर आना-जाना करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। परिजनों का आरोप है कि, विवाद के बाद किशोर दास की पत्नी अपने पिता और रिश्तेदारों को बुलाकर मायके चली गई थी। पंचायत और गांव के सरपंच द्वारा समझाने के बाद भी ससुराल पक्ष ने उसे वापस नहीं भेजा। इसके अलावा फोन के माध्यम से किशोर और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने और बदनाम करने की बात भी कही जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि, 21 मार्च को जब किशोर दास कंपनी से काम कर वापस आ रहा था, तब कोतरा रोड के पास ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की। इस दौरान उसके मोबाइल फोन से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कराए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद किशोर दास घर पहुंचकर अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दी थी।
जांच की मांग
परिजनों का कहना है कि, लगातार मानसिक दबाव और प्रताडऩा के कारण किशोर दास ने आत्महत्या का कदम उठाया। मृतक के पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही किशोर दास और उसकी पत्नी के बैंक खातों की जांच कराने की भी मांग की गई है।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप



