रायगढ़। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते केलो डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। बुधवार शाम से मौसम बदला और पूरी रात तेज बारिश हुई। गुरुवार को भी रूक-रूक कर बारिश होने से केलो नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि केलो डैम लबालब हो गया, जिससे केलो डैम के 6 गेट खोले गए। डैम के गेट खुलते ही केलो नदी का जल स्तर इतना बढ़ गया कि चक्रपथ भी डूब गया। इससे प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
धरमजयगढ़ और लैलूंगा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से डैम में पानी का भराव बढ़ता गया। गुरुवार दोपहर 2 बजे 6 गेट खोले गए। डैम की क्षमता 76.07 मिलियन क्यूबिक मीटर है। इसका अधिकतम जलभराव स्तर 233.00 मीटर है। फिलहाल इसमें 232.25 मीटर तक पानी भर चुका है, जिसके बाद गेट खोलने का निर्णय लिया गया। डैम से पानी छोड़े जाने के बाद केलो नदी का जलस्तर बढऩे लगा है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सावधानी बरतने और नदी किनारे न जाने की एडवाइजरी जारी की है।
रायगढ़ शहर में देर रात तेज बारिश के बाद गुरुवार सुबह से मौसम बदला रहा। दोपहर में कुछ देर धूप निकली, लेकिन बाद में फिर आसमान पर बादल छा गए और हल्की बौछारें शुरू हो गईं। केलो परियोजना के ईई एम.के. गुप्ता ने बताया कि, डैम में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर 6 गेट खोले गए हैं और हालात पर लगातार नजऱ रखी जा रही है।
झमाझम बारिश से लबालब हुआ केलो डैम, खोले गए 6 गेट, नदी का बढ़ा जल स्तर, चक्रपथ डूबा
