तमनार। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के तत्वावधान एवं आगाज संस्था के सहयोग से तमनार क्षेत्र के मिलुपारा में 21 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर ‘युवा जागृति (युवा संकल्प) नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में कंपनी की सीएसआर हेड रंजना नाग, नीलकंठ पटेल, आगाज संस्था की अध्यक्ष मोनिका इजारदार, राजेंद्र साहू, प्रकाश जायसवाल, जय चौहान एवं ललित राठौर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। योग शिविर का संचालन पतंजलि योगपीठ के सहयोग से किया जा रहा है। तमनार से पहुंचीं योग प्रशिक्षक गीतांजलि पटनायक ने योगाभ्यास का शुभारंभ कराया। उन्होंने संतोषी सिदार के साथ मिलकर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बना रहता है और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने में सहायता मिलती है।
शिविर में 122 से अधिक युवा, बच्चे एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने इस पहल को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए निरंतर ऐसे आयोजन की आवश्यकता जताई। आयोजकों के अनुसार 21 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन योग सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। योगाभ्यास के पश्चात प्रतिभागियों को अंकुरित चना, मूंग और खजूर जैसे पौष्टिक आहार का वितरण भी किया जा रहा है, ताकि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके। यह अभियान क्षेत्र में नशा मुक्ति और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
मिलुपारा तमनार में 21 दिवसीय योग शिविर का हुआ शुभारंभ
युवा संकल्प के साथ नशा मुक्ति अभियान को मिली गति



