घरघोड़ा। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (नालसा) के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के मार्गदर्शन में तथा तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा अध्यक्ष के परिपालन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन पैरालीगल वॉलेंटियर्स बालकृष्ण, लवकुमार चौहान, टीकम सिदार एवं सुभाष चौधरी द्वारा किया गया।
शिविर में नालसा की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें नि:शुल्क विधिक सहायता योजना, लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत, पीडि़त प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल संरक्षण योजनाएं, घरेलू हिंसा एवं दहेज प्रताडऩा प्रकरणों में सहायता, बाल श्रम एवं बाल विवाह उन्मूलन संबंधी प्रावधान, वरिष्ठ नागरिकों हेतु विधिक सहायता, श्रमिक एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के अधिकार, कारागारों में बंद बंदियों हेतु विधिक सहायता एवं पैरोल/जमानत संबंधी सहायता, मानसिक एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं तथा ट्रांसजेंडर एवं हाशिये पर स्थित वर्गों के लिए विशेष विधिक सहायता योजनाएं शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराध, भूमि विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, संपत्ति विवाद एवं अन्य नागरिक एवं आपराधिक मामलों में उपलब्ध कानूनी उपायों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि अनुसूचित जाति/जनजाति, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन, औद्योगिक श्रमिक, हिरासत में बंद व्यक्ति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं। कार्यक्रम के अंत में आगामी नेशनल लोक अदालत 14 मार्च के प्रचार प्रसार किया गया एवं ‘न्याय सबके लिए, न्याय तक सबकी पहुंच’ के संदेश के साथ सामाजिक न्याय एवं विधि के समक्ष समानता की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया गया।
विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर घरघोड़ा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन



