रायपुर। वनडे और टी-20 मैचों के बाद अब रायपुर क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रायपुर में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दो मुकाबले खेले जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर दी है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उनकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सीईओ से मुलाकात हुई है। जिसमें रायपुर में दो आईपीएल मैच कराने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही अब तक चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और यह लगभग तय हो गया है कि 13 साल बाद छत्तीसगढ़ में आईपीएल का रोमांच फिर से देखने को मिलेगा।
बताया जा रहा है कि आरसीबी टीम मैनेजमेंट पहले ही रायपुर के मैदान का निरीक्षण कर चुका है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से भी बातचीत पूरी हो चुकी है। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आयोजन को लेकर तैयारियां तेज होने की उम्मीद है।
बता दें कि रायपुर में आखिरी बार 2013 में आईपीएल मुकाबला खेला गया था। अब रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूरी तरह बीसीसीआई के अधीन है और अंतरराष्ट्रीय मानकों की सभी सुविधाओं से लैस है। ऐसे में न सिर्फ आईपीएल मुकाबलों का आयोजन संभव हुआ है, बल्कि बड़े सितारों के खेलने की संभावना भी बढ़ गई है।
विराट कोहली को एक्शन में देखने की उम्मीद
आरसीबी के मैच रायपुर में होने की स्थिति में क्रिकेट प्रेमियों को विराट कोहली समेत पूरी टीम को एक्शन में देखने का मौका मिल सकता है। यही वजह है कि इस घोषणा के बाद से ही शहर में आईपीएल को लेकर उत्साह चरम पर है। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के ऐलान के साथ यह तय माना जा रहा है कि रायपुर एक बार फिर देश के बड़े क्रिकेट आयोजनों के नक्शे पर मजबूती से उभरेगा और छत्तीसगढ़ के फैंस को आईपीएल का लाइव रोमांच नसीब होगा।
सीएम साय को आरसीबी का जर्सी भेंट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को टीम का आधिकारिक जर्सी भेंट कर रायपुर में प्रस्तावित आईपीएल मैच के आयोजन के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर आरसीबी के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन तथा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के संयुक्त सचिव श्री प्रभतेज सिंह भाटिया उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा, खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रस्ताव रायपुर को एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



