रायगढ़। जिले में हाथियों ने 3 ग्रामीणों के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं गोभी, टमाटर और धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। घटना ग्राम बांधपारा पाराघाटी की है।
हाथियों की मौजूदगी सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल व वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथियों को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया। जहां काफी देर के बाद हाथियों का दल वापस जंगल की ओर चले गया। धरमजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। जो खाने की तलाश में रात को जंगल से निकलकर गांव के करीब तक पहुंच रहे हैं। धर्मजयगढ़ वन मंडल में 37 हाथी अलग अलग दल में विचरण कर रहे है। जिसमें कापू रेंज के लिप्ती बीट में सबसे ज्यादा 20 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों के इस दल ने 10 दिसंबर की रात को बांधपारा पाराघाटी में दिलीप व यदुमणी यादव के मकान को क्षतिग्रस्त करते हुए घर में रखे तीन बोरियों से अधिक धान और मक्के को खाया है। साथ ही साथ पखनाकोट में हाथियों के दल ने वहां लगे गोभी, टमाटर के फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।
यहां भी किया मकान क्षतिग्रस्त
रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के छर्राटांगर में भी हाथियों ने धान फसल और मकान को नुकसान पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि 2 हाथी चारमार की ओर से छर्राटांगर में पहुंचे। यहां 1 मकान और धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और हाथियों को जंगल की ओर भगाया। वहीं सभी मामले में विभागीय कर्मचारियों ने नुकसान के आंकलन की बात कही है।
जिले में 84 हाथियों की मौजूदगी
जिले के रायगढ़ वन मंडल और धरमजयगढ़ वन मंडल में 84 हाथियों की मौजूदगी है। जिसमें रायगढ़ में 47 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 37 हाथी हैं। इसमें 31 नर, 33 मादा व 20 शावक शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए सभी प्रभावित क्षेत्रों में वन अमला द्वारा मुनादी कराई गई है।
हाथियों का आतंक, मकान तोड़े, सब्जी फसल रौंदी, धान को भी पहुंचाया नुकसान



