बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रतनपुर में आयोजित कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु एवं बहादुर कलारीन दाई की पूजा-अर्चना कर विशाल सम्मेलन का शुभारंभ किया। श्री साय ने कहा कि धार्मिक नगरी रतनुपर के समग्र विकास के लिए केन्द्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत 200 करोड़ रूपए की कार्य-योजना स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इसके जल्द स्वीकृत होने की संभावना है। उन्होंने ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में 100 बिस्तर अस्पताल खोलने तथा कल्चुरी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड रूपया देने का ऐलान किया है। सम्मेलन की अध्यक्षता राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी,योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हां, महापौर पूजा विधानी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि की आसंदी से मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कल्चुरी राजवंश ने रतनपुर सहित देश में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया है। उनके राज में प्रजा खुश एवं देश समृद्धशाली रहा है। मां महामाया की कृपा से छत्तीसगढ़ राज्य में तेजी से विकास हो रहे हैं। श्री साय ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ देश के बीचों-बीच स्थित है। खनिज, वन एवं जल संसाधनों से भरा पड़ा है। हम यहां के लोगों को साथ लेकर राज्य को प्रगति के मार्ग पर और आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को अभी बमुश्किल 22 माह हुए हैं। इतनी कम अवधि में भी हमने मोदी की गारंटी के रूप में किये गये लगभग सभी बड़े वायदे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश को नया एवं शक्तिशाली बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि हमने किसानों से किये गये वायदे के अनुरूप 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रहे हैं। इस साल 15 नवम्बर से यह अभियान फिर से शुरू करने जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत राज्य की 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1 हजार रूपए दे रहे हैं। अब तक 21 किश्त उन्हें दे चुके हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रतनपुर कल्चुरियों के शासन का बड़ा केन्द्र रहा है। लगभग 1200 वर्षों तक देश के विभिन्न हिस्सों में कल्चुरियों ने शासन किया है। ऐसे ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में आकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास के काम तेज गति से हो रहे हैं। कल्चुरी समाज के पूर्वजों के काम को राज्य सरकार आगे बढ़ा रही है। कल्चुरियों ने अपने समय में बड़ी संख्या में तालाब, रोड, सिंचाई के काम किए थे। इसी तरह के कामों को वर्तमान राज्य सरकार प्राथमिकता के साथ पूर्ण कर रही है। उन्होंने नवा रायपुर में एक चौक का नाम समाज के ईष्ट देव भगवान सहस्रबाहु के नाम रखने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी समारोह को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति सामाजिक समरसता और सभी समाज के ईष्टदेवों को समान रूप से आदर करने की शिक्षा देती हैं। कल्चुरी कलार समाज के मोहित जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया।
‘शिक्षा’ समाज एवं राष्ट्र के उन्नति का है मुख्य आधार : सीएम साय

बालोद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज एवं राष्ट्र के उन्नति का मुख्य आधार है। इसलिए हम सभी को हमारी आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षित एवं ज्ञान वान बनाने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री साय आज जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम संबलपुर में छत्तीसगढ़ कोसरिया मरार समाज द्वारा आयोजित युवा युवती परिचय सम्मेलन एवं शाकंभरी महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। श्री साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री साय ने कोसरिया मरार समाज को धरती माता की सेवा करने वाले मेहनतकश समाज बताते हुए कोसरिया मरार समाज के कार्यों की भूरी भूरी सराहना की। समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने कोसरिया मरार समाज के मांग पर कोसरिया मरार समाज के प्रदेश स्तरीय कार्यालय भवन निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने तथा राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर शीघ्र नियुक्ति करने के अलावा आज समाज के द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी मांगो पर सहानुभूतिपूर्वक का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम स्थल में पहुंचने के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय सर्वप्रथम शाकंभरी माता भगवान रामचंद्र एवं सीता मैया और महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं श्रीमती सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण भी किया।
जीवन अनमोल है – हेलमेट पहनें, जिम्मेदार बनें : सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बढ़ाया युवाओं का हौसला

रायपुर। राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम में आज रोमांच, ऊर्जा और साहस से भरपूर राष्ट्रीय सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप-2025 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन खेल युवा शक्ति, अनुशासन, साहस और जिम्मेदारी का उत्सव है। देशभर से आए 100 से अधिक प्रोफेशनल राइडर्स और हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने इसे राष्ट्रीय स्तर का आकर्षण बना दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जैसे रजत जयंती महोत्सव के दौरान एयरोबेटिक शो ने आसमान में देशभक्ति का जोश जगाया, वैसे ही यह सुपरक्रॉस चैंपियनशिप ज़मीन पर युवाओं के जुनून को नई उड़ान दे रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सिर्फ एक रेस नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और सुरक्षा का पाठ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना, स्पोर्ट्स टूरिज़्म और मोटर स्पोर्ट्स जैसे नए क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रही है और युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे सुरक्षित रेस करें, अपने कौशल का प्रदर्शन करें और दर्शक जिम्मेदारी के साथ इस खेल का आनंद लें। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, सहित बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे



